कलेक्टर विकास मिश्रा ने स्कूली बच्चों को वितरित किए बैग, कॉपी और पेन, शिक्षा के महत्व पर किया प्रेरित

कुसमी (सीधी)। कलेक्टर विकास मिश्रा ने कुसमी विकासखंड की माध्यमिक शाला कुरूचूं में विद्यार्थियों को स्कूल बैग, कॉपी और पेन वितरित किए। इस दौरान उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उन्हें नियमित विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह आधार है, जो बच्चों के सपनों को साकार करने के साथ समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखती है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों में उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने अध्ययन सामग्री प्राप्त कर खुशी व्यक्त की और कलेक्टर से संवाद भी किया।
कलेक्टर ने कहा कि समाज के प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे और सभी मिलकर बच्चों के बेहतर भविष्य के निर्माण में सहयोग करें।




