सीधी

बिजली दुर्घटनाओं पर कलेक्टर सख्त, कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश; खुले तार और स्पार्किंग पर होगी कार्रवाई

ar 728 ad
AR News Live

सीधी। जिले में लगातार सामने आ रही बिजली संबंधी दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर विकास मिश्रा ने विद्युत विभाग को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि बिजली के खंभों से उपभोक्ताओं के मीटर तक किए जाने वाले कनेक्शनों में किसी भी प्रकार की तकनीकी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए विशेष कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 

कलेक्टर ने कहा कि कई स्थानों पर बिजली के तार खुले रहने, सही तरीके से टेपिंग नहीं होने तथा असुरक्षित वायरिंग के कारण स्पार्किंग की घटनाएं सामने आती हैं, जिससे गंभीर हादसों की आशंका बनी रहती है। उन्होंने मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री एवं संभागीय यंत्री को निर्देशित किया कि सभी विद्युत कनेक्शनों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

 

उन्होंने कहा कि बिजली के खंभों से उपभोक्ताओं के मीटर तक किए जाने वाले कनेक्शन तकनीकी मानकों के अनुरूप हों और प्रत्येक स्थान पर सुरक्षित वायरिंग व उचित टेपिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।

 

बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कलेक्टर ने विशेष कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। कंट्रोल रूम के संपर्क नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि आमजन आसानी से अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। साथ ही वहां प्राप्त शिकायतों का पंजी संधारित कर प्रत्येक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 

कलेक्टर विकास मिश्रा ने यह भी कहा कि कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों और उनके निराकरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button