दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस पर निकलने से पहले जान लें ट्रैफिक एडवाइजरी, इन रूटों को किया गया बंद

दिल्ली पुलिस ने मंगलवार (15 अगस्त) को स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी किया है. पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के मुताबिक, लाल किला के आसपास के रास्ते आम जनता के लिए सुबह चार बजे से लेकर 11 बजे तक बंद रहेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अगस्त को लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करेंगे. इसमें कहा गया है कि यहां के रास्ते केवल अधिकृत वाहनों के लिए खुले रहेंगे.
रविवार (13 अगस्त) को जारी ट्रैफिक एडवाइजरी (Delhi Police Advisory) के मुताबिक, नेताजी सुभाष मार्ग, लोथियन रोड, एसपी मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक रोड, निशाद राज मार्ग, एस्प्लेनेड रोड और इसके लिंक रोड से नेताजी सुभाष मार्ग, राजघाट से आईएसबीटी तक रिंग रोड और आईएसबीटी से आईपी फ्लाईओवर तक बाहरी रिंग रोड मंगलवार (15 अगस्त) को सामान्य यातायात के लिए बंद रहेंगे.
अंतरराज्यीय बसों की आवाजाही पर रहेगी रोक
इसमें कहा गया है कि सोमवार (14 अगस्त) रात 12 बजे से मंगलवार सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन खट्टा और वजीराबाद ब्रिज के बीच भारी वाहनों के आवाजाही की इजाजत नहीं दी जाएगी. इसके अलावा इस दौरान महाराणा प्रताप आईएसबीटी और सराय काले खां आईएसबीटी के बीच अंतरराज्यीय बसों को भी आवाजाही की अनुमति नहीं दी जाएगी.
इन रूटों पर बसों की फ्रीक्वेंसी रहेगी कम
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सुरक्षा के मद्देनजर एडवाइजरी में कहा गया है कि, ‘शांति वन की ओर पुराने लोहा पुल और गीता कॉलोनी पुल भी बंद रहेगा.’ बसों के संचालन को लेकर एडवाइजरी में कहा गया है कि लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली मुख्य रेलवे स्टेशन पर समाप्त होने वाली बसों की संख्या कम कर दी जाएगी या उनका मार्ग बदल दिया जाएगा. मंगलवार (15 अगस्त) सुबह 11 बजे के बाद सामान्य बस सेवा बहाल कर दी जाएगी.




