सीधी

सीईओ सौम्या आनंद का सिहावल दौरा: ड्रोन दीदी, प्याज प्रोसेसिंग और पंजा दरी उत्पादों को बढ़ावा देने के निर्देश

ar 728 ad
AR News Live

सीधी। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद ने सिहावल विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर ग्रामीण आजीविका गतिविधियों, महिला स्व-सहायता समूहों, हस्तशिल्प एवं मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय संसाधनों पर आधारित रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

खुरवाटोला पंचायत में सीईओ ने ड्रोन दीदी मनीषा कुशवाह से चर्चा कर ड्रोन संचालन की जानकारी ली। ड्रोन की बैटरी खराब होने की जानकारी मिलने पर उसे शीघ्र दुरुस्त कर संचालन प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए, ताकि ड्रोन आधारित सेवाओं से महिलाओं की आय में वृद्धि हो सके।

क्षेत्र में प्याज की अधिक पैदावार को देखते हुए स्व-सहायता समूहों के माध्यम से प्याज प्रोसेसिंग, पैकेजिंग एवं स्टोरेज इकाई स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और महिला समूहों की आय बढ़ाने की संभावना जताई गई।

सीईओ ने पंजा दरी से जुड़े बुनकरों से भी संवाद किया और बाजार की मांग के अनुरूप स्लिंग बैग, ऑफिस बैग, फाइल बैग, कुशन कवर एवं डोरमैट जैसे नए उत्पाद तैयार करने पर जोर दिया। स्थानीय हस्तशिल्प को नए बाजारों से जोड़ने और उत्पादों में विविधता लाने के निर्देश भी दिए गए।

पहाड़ी ग्राम पंचायत के हाई स्कूल में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं। समूह एवं प्राचार्य को निर्धारित मेनू की जानकारी नहीं थी और संबंधित समूह का लोकास पोर्टल पर पंजीयन भी नहीं पाया गया। नवीन बर्तनों की खरीद में देरी तथा आवश्यक जानकारी दीवार पर प्रदर्शित नहीं करने पर संबंधित समूह, प्राचार्य और जन शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

भ्रमण के दौरान ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने, पारंपरिक हस्तशिल्प में नवाचार लाने और योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button