नए बस स्टैंड पहुंचे कलेक्टर, यात्रियों की सुविधा और दुकानदारों की व्यवस्था पर दिए निर्देश

सीधी। पुराने बस स्टैंड से संचालन बंद होने के बाद अब नवीन बस स्टैंड की व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। कलेक्टर विकास मिश्रा ने नवीन बस स्टैंड का निरीक्षण कर यात्रियों की सुविधा, फुटकर व्यापारियों की व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बस स्टैंड परिसर में बसों के आवागमन, प्लेटफॉर्म, प्रवेश-निकास, पार्किंग, शौचालय, पेयजल और टिकट काउंटर सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी देने वाले स्पष्ट दिशा-सूचक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि यात्रियों को परिसर में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
फुटकर व्यापारियों और ठेला संचालकों को चिन्हित स्थानों पर नियमानुसार जगह आवंटित करने को कहा गया। साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि दुकानों के कारण बसों के संचालन, यात्रियों के आवागमन और यातायात व्यवस्था में बाधा न आए।
आपातकालीन संपर्क नंबरों के लिए लगाए गए बोर्ड को बड़ा और स्पष्ट करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर यात्रियों को संपर्क नंबर आसानी से दिखाई दे सकें। इसके अलावा साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश और पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी पर जोर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि 1 अक्टूबर से पुराने बस स्टैंड का संचालन बंद कर बसों को नवीन बस स्टैंड से संचालित किया जा रहा है। पुराने बस स्टैंड क्षेत्र को अस्थायी रूप से श्रमिक चौक के रूप में उपयोग करने की व्यवस्था की गई है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम गोपद बनास प्रिया पाठक, तहसीलदार राकेश शुक्ला, सीएमओ महमूद हसन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




