रीवा में अनशन स्थल पर पहुंचे कांग्रेस विधायक, पुलिस ने उठाया; सामने आई ये वजह

रीवा के गांधी मेमोरियल अस्पताल में प्रसूता कल्पना मिश्रा और नवजात की मौत के मामले को लेकर चल रहा विरोध-प्रदर्शन गुरुवार को फिर चर्चा में आ गया। मृतका के पिता के समर्थन में सिरमौर चौराहे स्थित अनशन स्थल पहुंचे कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा को पुलिस अपने साथ पुलिस कंट्रोल रूम ले गई।
विधायक के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद थे। मौके पर पुलिस और प्रशासन का बल पहले से तैनात था। SDM अनुराग तिवारी के मुताबिक, विधायक बिना पूर्व सूचना और अनुमति के समूह के साथ अनशन स्थल पर बैठे थे। इसके बाद प्रशासन ने उन्हें वहां से हटाकर पुलिस कंट्रोल रूम ले जाने की कार्रवाई की।
बता दें कि 26 अगस्त को गांधी मेमोरियल अस्पताल में प्रसूता कल्पना मिश्रा और उनके नवजात की मौत के बाद से ही मामले को लेकर विरोध-प्रदर्शन चल रहे हैं। मृतका के पिता करीब 14 दिनों तक सिरमौर चौराहे पर अनशन पर बैठे थे। बाद में प्रशासन ने उन्हें धरना स्थल से हटाकर अस्पताल में भर्ती कराया था।
मामले में प्रशासनिक कार्रवाई के साथ मजिस्ट्रियल जांच जारी है। विधायक को प्रदर्शन स्थल से हटाए जाने के बाद मामले को लेकर रीवा में राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां फिर तेज हो गई हैं।




