बारिश से क्षतिग्रस्त मकानों का जल्द होगा सर्वे, एसडीएम ने दिए निर्देश

कुसमी। लगातार बारिश से क्षतिग्रस्त हुए मकानों का जल्द सर्वे कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रकरण तहसील कार्यालय भेजने के निर्देश एसडीएम सागर दिलीप जैन ने दिए हैं। मंगलवार को कुसमी मंगल भवन में हल्का पटवारियों की बैठक लेकर राजस्व कार्यों की समीक्षा की गई।
एसडीएम ने कहा कि पटवारी मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त मकानों का शीघ्र सर्वे करें और पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत दिलाने के लिए प्रकरण समय पर प्रस्तुत करें।
बैठक में फार्मर आईडी और सीएम हेल्पलाइन से जुड़े लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा हुई। एसडीएम ने शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
तहसीलदार नारायण सिंह ने भी पटवारियों को राजस्व संबंधी कार्यों को गंभीरता से पूरा करने तथा आमजन की समस्याओं का समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




