मूसलाधार बारिश और दुर्गम पहाड़ियों के बीच एमपी ट्रांसको की टीम ने बहाल की सीधी-रीवा की विद्युत लाइन

सीधी। अत्यधिक बारिश, फिसलन भरे रास्ते और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र के बीच मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) की सीधी और रीवा टीम ने 220 केवी रीवा-सीधी ट्रांसमिशन लाइन में आई खराबी को दूर कर विद्युत आपूर्ति सामान्य कर दी। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने टीम के इस कार्य की सराहना की है।
जानकारी के अनुसार, चरखी घाटी क्षेत्र में स्थित ट्रांसमिशन टावर की डिस्क स्ट्रिंग आकाशीय बिजली गिरने से क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस दौरान लगातार हो रही बारिश, जलभराव और क्षतिग्रस्त मार्गों के कारण मेंटेनेंस टीम के लिए मौके तक पहुंचना बेहद चुनौतीपूर्ण रहा।
ब्रेकडाउन स्थल ऊंची पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्र में था। इसके बावजूद रीवा और सीधी की टीमों ने भारी उपकरण और आवश्यक सामग्री को टावर तक पहुंचाया और सुधार कार्य शुरू किया। टीम ने प्रतिकूल परिस्थितियों में काम करते हुए अंधेरा होने से पहले लाइन को दोबारा चालू कर दिया।
बताया गया कि अमरकंटक-सीधी 220 केवी लाइन में पहले से फॉल्ट था। इसके बाद सीधी-रीवा ट्रांसमिशन लाइन भी ब्रेकडाउन में चली गई, जिससे दोनों शहरों की बिजली आपूर्ति पर असर पड़ने की स्थिति बन गई थी। ऐसे में समय रहते सुधार कार्य पूरा करना जरूरी था।
रीवा के सहायक अभियंता अजय चौरसिया और सीधी के सहायक अभियंता गोरेलाल साहू के निर्देशन में दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से सुधार कार्य किया। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि कठिन मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद कर्मचारियों ने त्वरित कार्रवाई कर सीधी और रीवा को लंबे विद्युत व्यवधान से बचाया।




