वनांचल कुसमी पहुंचे कलेक्टर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण; बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

कुसमी (सीधी)। जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र कुसमी में स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेने शनिवार को कलेक्टर विकास मिश्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र के प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार, आवश्यक दवाएं और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ओपीडी, वार्ड, प्रसूति कक्ष, औषधि भंडार, प्रयोगशाला सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उपचार, दवा उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया।
कलेक्टर ने कहा कि वनांचल क्षेत्रों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ही लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख आधार है। ऐसे में चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी पूरी संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करें। किसी भी मरीज को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े तथा गंभीर मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, आवश्यक जांच सुविधाएं और मरीजों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि स्वास्थ्य विभाग यह सुनिश्चित करे कि दूरस्थ वनांचल क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति उपचार से वंचित न रहे।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज्ञानेंद्र मिश्रा, तहसीलदार नारायण सिंह तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




