सीधी

27 कॉल, जंगल में आखिरी मुलाकात और फिर हत्या: शादी को लेकर विवाद में बीए छात्रा की मौत, आरोपी गिरफ्तार

ar 728 ad
AR News Live

सीधी। चुरहट थाना क्षेत्र के कोष्टा पवाई जंगल में मिले अज्ञात मानव कंकाल की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। जांच में सामने आया कि यह मामला प्रेम संबंध और शादी को लेकर हुए विवाद के बाद हुई हत्या का है। पुलिस ने इस मामले में पवन कुमार कारपेंटर (20), निवासी चिलरी कला, थाना कमर्जी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान प्रियंका साकेत (19), निवासी ग्राम मवई, थाना चुरहट के रूप में हुई है। वह बीए अंतिम वर्ष की छात्रा थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों के बीच वर्ष 2025 से प्रेम संबंध थे। पुलिस का कहना है कि युवती पिछले कई महीनों से शादी का दबाव बना रही थी, जबकि आरोपी परिवार की असहमति का हवाला देकर इससे इंकार कर रहा था।

जांच में यह भी सामने आया कि घटना वाले दिन आरोपी ने युवती को मिलने के लिए लगातार 27 बार फोन किया। इसके बाद दोनों कोष्टा पवाई जंगल पहुंचे, जहां शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि वह युवती को समझाने के उद्देश्य से मिला था और करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। आरोपी का यह भी कहना है कि युवती कथित रूप से अपने साथ चाकू और जहर लेकर आई थी तथा उसने आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी के इन दावों का सत्यापन जांच में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने स्वीकार किया कि विवाद के दौरान उसने पास में पड़े पत्थर से युवती के सिर और गर्दन पर वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी ने कथित तौर पर मृतका का मोबाइल बंद कर उसके व्हाट्सएप से उसकी बहन को भ्रामक संदेश भेजा और बाद में मोबाइल तोड़कर नरकुई नदी में फेंक दिया, ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके।

30 जून 2026 को जंगल में मानव कंकाल मिलने के बाद पुलिस ने डीएनए परीक्षण, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई। इसके बाद आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध हत्या, साक्ष्य मिटाने तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button