बोलेरो में 10 पेटी अवैध शराब ले जा रहा तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने ₹4.45 लाख का मशरूका किया जब्त

रीवा। जिले की मनगवां पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से 10 पेटी (500 शीशी) देशी प्लेन शराब जब्त की है। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर शराब और बोलेरो सहित करीब ₹4.45 लाख का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद बोलेरो वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध देशी शराब बिक्री के उद्देश्य से ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मनगवां बस्ती रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बोलेरो से 10 कार्टून में रखी 500 शीशी देशी प्लेन शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹45 हजार बताई गई है। मौके से पुलिस ने मोहम्मद तौहीद (36) निवासी रायपुर कर्चुलियान को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जब्त कर लिया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹4 लाख आंकी गई है। इस प्रकार शराब और वाहन सहित कुल ₹4.45 लाख का मशरूका जब्त किया गया।
आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




