मध्य प्रदेश

सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद छात्रा को बीच रास्ते उतारने का आरोप, स्कूल बस व्यवस्था पर उठे सवाल

ar 728 ad
AR News Live

शाजापुर। जिले के सरदार वल्लभभाई पटेल सांदीपनि विद्यालय (सीएम राइज स्कूल) में संचालित स्कूल बस व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि बस सुविधा से संबंधित शिकायत सीएम हेल्पलाइन में दर्ज कराने के बाद एक नाबालिग छात्रा को बस चालक ने बीच रास्ते में उतार दिया। घटना के बाद छात्रा की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों ने चिंता जताते हुए संबंधित बस संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस विद्यालय में करीब 2,500 से 2,800 विद्यार्थियों के लिए केवल 11 बसें संचालित हो रही हैं। बसों की कमी के कारण कई विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर एक छात्रा ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी।

परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बाद बस चालक ने छात्रा को सुनसान स्थान पर बीच रास्ते में उतार दिया और बस लेकर चला गया। अभिभावकों का कहना है कि यदि छात्रा के साथ कोई अप्रिय घटना हो जाती, तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होती। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सीएम हेल्पलाइन में शिकायत करना किसी छात्र या अभिभावक की गलती है।

स्थानीय लोगों ने स्कूल बसों की स्थिति पर भी चिंता जताई है। उनका आरोप है कि विद्यालय में कुछ पुरानी और जर्जर बसें संचालित की जा रही हैं, जिनकी तकनीकी स्थिति संतोषजनक नहीं है। उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है।

अभिभावकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि स्कूल बसों की संख्या बढ़ाई जाए, वाहनों की गुणवत्ता की जांच कराई जाए तथा बच्चों, विशेषकर छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।

वहीं, इस मामले में सीएम राइज विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि छात्रा को बीच रास्ते में उतारने की घटना को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने बताया कि बस के को-ऑर्डिनेटर को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में इस प्रकार की घटना दोबारा न हो।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button