जनसुनवाई में 414 आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं, कलेक्टर विकास मिश्रा ने त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

सीधी। जिला पंचायत सभागार में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 414 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी शिकायतों का शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त गंभीर प्रकृति की शिकायतों पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों के लिए समय-सीमा निर्धारित करते हुए तय अवधि में कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित शिकायतों को सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश भी दिए, ताकि उनकी नियमित मॉनिटरिंग कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करें और आवेदकों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने संबंधित उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर कई मामलों में तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
बैठक में उपखंड अधिकारी प्रिया पाठक सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




