पत्नी की हत्या कर शव जलाया, जली हुई लाश की गुत्थी सुलझी; पति गिरफ्तार

Bahri Murder Case: बहरी थाना क्षेत्र में सड़क किनारे मिली जली हुई महिला की लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि भरण-पोषण राशि को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने पत्नी की हत्या कर शव को जलाकर पहचान छिपाने का प्रयास किया था।
सड़क किनारे मिला था अधजला शव
पुलिस के अनुसार 6 जून 2026 को ग्राम दुअरा कला के पास सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का अधजला शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और जांच शुरू की।
घटनास्थल से जले हुए कपड़ों के टुकड़े, धागे के अवशेष, जूट के बोरे के हिस्से सहित कई महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य बरामद किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
ऐसे हुई महिला की पहचान
जांच के दौरान पुलिस ने जिलेभर में गुमशुदगी संबंधी जानकारियों का मिलान किया। इसके बाद मृतका की पहचान ममता नामदेव (35) निवासी खैरा के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार ममता अपने पति से अलग रह रही थी और अपनी पुत्री के साथ सीधी में किराये के मकान में निवास कर मजदूरी कर जीवनयापन कर रही थी। न्यायालय द्वारा उसे भरण-पोषण राशि भी स्वीकृत थी।
भरण-पोषण राशि को लेकर हुआ विवाद
विवेचना में सामने आया कि 5 जून को ममता नामदेव अपने पति की सिलाई दुकान पर भरण-पोषण राशि लेने पहुंची थी। इसी दौरान दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद हो गया।
पुलिस के अनुसार विवाद बढ़ने पर आरोपी पति ने पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को बोरे में भरकर ग्राम दुअरा कला के पहाड़ी मार्ग के पास फेंक दिया और पहचान मिटाने के उद्देश्य से उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी।
पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्यों, तकनीकी जांच और परिस्थितिजन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। पुलिस ने सुरेश नामदेव को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 238(क) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वैज्ञानिक जांच से सुलझी अंधे कत्ल की गुत्थी
पुलिस का कहना है कि सूक्ष्म भौतिक साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और लगातार की गई विवेचना के आधार पर इस अंधे कत्ल का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।




