पेट्रोल-डीजल बचत पर CM मोहन यादव सख्त, कारकेड में घटेंगी गाड़ियां, रैली पर रोक

भोपाल। Mohan Yadav ने पेट्रोल-डीजल की बचत को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि अब उनके कारकेड में केवल जरूरी वाहन ही शामिल किए जाएंगे। साथ ही उनके दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की वाहन रैली आयोजित नहीं होगी। मुख्यमंत्री के इस फैसले को प्रधानमंत्री Narendra Modi की अपील के पालन के रूप में देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर मध्यप्रदेश राष्ट्रहित में पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि आगामी आदेश तक उनके कारकेड में सुरक्षा की दृष्टि से न्यूनतम वाहन रहेंगे और भ्रमण के दौरान किसी भी तरह की वाहन रैली नहीं निकाली जाएगी।
राज्य शासन द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक मुख्यमंत्री के कारकेड में अब 13 वाहनों की जगह सिर्फ 8 वाहन ही शामिल रहेंगे। सरकार का मानना है कि इससे ईंधन की बचत के साथ सादगी और जिम्मेदारी का संदेश भी जाएगा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी मंत्रियों से भी यात्रा के दौरान कम से कम वाहनों का उपयोग करने की अपील की है। इसके अलावा नव नियुक्त निगम-मंडल पदाधिकारियों को भी सादगी के साथ कार्यभार ग्रहण करने और वाहन रैली से बचने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि मुख्यमंत्री के भ्रमण के समय किसी प्रकार की वाहन रैली आयोजित नहीं होगी। साथ ही मंत्रियों और अन्य पदाधिकारियों को भी अनावश्यक वाहनों के उपयोग से बचने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों से सार्वजनिक परिवहन को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है और ईंधन बचत आज समय की बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार प्रधानमंत्री मोदी की अपील को पूरी गंभीरता के साथ लागू करेगी।
राज्य शासन द्वारा जारी प्रमुख निर्देश
- मुख्यमंत्री के कारकेड में अब 13 की जगह सिर्फ 8 वाहन रहेंगे
- मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान वाहन रैली आयोजित नहीं होगी
- सभी मंत्री यात्रा के समय न्यूनतम वाहनों का उपयोग करेंगे
- नव नियुक्त निगम-मंडल पदाधिकारी सादगी से कार्यभार ग्रहण करेंगे
- सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा




