सीधी की छूहिया घाटी में भीषण आग: 3 दिन से धधक रहा पहाड़, फैक्ट्री तक पहुंची लपटें

सीधी। जिले की प्रसिद्ध छूहिया घाटी में लगी भीषण आग ने विकराल रूप ले लिया है। पिछले तीन दिनों से लगातार धधक रही इस आग ने पूरे पहाड़ी क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया है, जिससे पर्यावरण और वन्यजीवों पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आग अब अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री क्षेत्र के करीब पहुंच गई है। यहां आसपास मजदूरों के आवास भी मौजूद हैं, जिससे खतरा और बढ़ गया है। हालांकि अब तक आग पर काबू पाने के लिए कोई व्यापक और प्रभावी प्रयास नजर नहीं आ रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि आग तेजी से फैल रही है, लेकिन नियंत्रण के लिए पर्याप्त संसाधन मौके पर नहीं दिख रहे। कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यह घटना सामान्य नहीं है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। हालांकि इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इस भीषण आग में बड़ी संख्या में पेड़-पौधे जलकर नष्ट हो चुके हैं। वन्यजीवों और पक्षियों का जीवन खतरे में पड़ गया है। कई जानवर सुरक्षित स्थानों की तलाश में रिहायशी क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि आग पर जल्द से जल्द काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड, वन विभाग और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से अभियान चलाए। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।




