मझौली में हाई टेंशन टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस की सूझबूझ से बची जान; शांति भंग करने पर भेजा गया जेल

सीधी। जिले के मझौली थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा हाई टेंशन लाइन के टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। बाद में शांति भंग करने के आरोप में उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
जमीन विवाद के चलते टावर पर चढ़ा युवक
जानकारी के अनुसार ग्राम चमराडोल निवासी नरेन्द्र कुमार सेन (33 वर्ष), पिता मोतीलाल सेन का अपने परिवार के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते युवक ने परिजनों को डराने और दबाव बनाने के उद्देश्य से क्षेत्र में लगे हाई टेंशन (HT) बिजली लाइन के ऊंचे टावर पर चढ़कर कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देनी शुरू कर दी।
टावर पर उच्च क्षमता की बिजली लाइन होने के कारण युवक की जान को गंभीर खतरा पैदा हो गया था और आसपास के क्षेत्र में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस और बिजली विभाग की मदद से सुरक्षित उतारा
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मझौली उपनिरीक्षक विशाल शर्मा अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पहले बिजली विभाग से संपर्क कर लाइन बंद करवाई और फिर सूझबूझ के साथ युवक को समझाइश देकर टावर से सुरक्षित नीचे उतारा।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
शांति भंग करने पर भेजा गया जेल
युवक के इस कृत्य से क्षेत्र में लोक शांति भंग होने और स्वयं की जान जोखिम में डालने के कारण मझौली पुलिस ने उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की। आरोपी नरेन्द्र कुमार सेन को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जारी जेल वारंट के आधार पर उसे जिला जेल सीधी भेज दिया गया।
पुलिस की अपील
पुलिस प्रशासन ने कहा है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर किया जाना चाहिए। आवेश में आकर हाई टेंशन टावर जैसी खतरनाक जगहों पर चढ़कर अपनी जान जोखिम में डालना और कानून व्यवस्था को चुनौती देना दंडनीय अपराध है।




