सीधी में ऑपरेशन शिकंजा: 2025 से फरार आरोपी 30 शीशी प्रतिबंधित कफ सिरप सहित गिरफ्तार

सीधी, 28 फरवरी 2026। सीधी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन शिकंजा’ के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने वर्ष 2025 के एक प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 30 शीशी कोडीन फॉस्फेट युक्त ‘ऑनरेक्स’ कफ सिरप बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी आकाश जायसवाल (22 वर्ष) पूर्व दर्ज मामले में वांछित था। सूचना प्राप्त हुई थी कि वह क्षेत्र में पुनः सक्रिय है। थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय के नेतृत्व में गठित टीम ने ‘गोपाल दास मंदिर के पीछे, उत्तरी करौदिया’ क्षेत्र में दबिश दी और आरोपी को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 30 शीशी प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी संबंधित दवाओं के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
कानूनी कार्रवाई
आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट एवं संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जिला जेल सीधी भेज दिया गया है। मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की जांच जारी है।




