मऊगंज: लालगंज तिराहे पर आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, 75 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत

मऊगंज। नईगढ़ी थाना क्षेत्र के कटरा–मऊगंज मुख्य मार्ग पर शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 75 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तेज रफ्तार में हुई सीधी भिड़ंत
जानकारी के अनुसार, लालगंज गांव निवासी लइक खान (75) शनिवार दोपहर अपनी लूना बाइक से लालगंज की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे लालगंज तिराहे के मोड़ पर पहुंचे, तभी मऊगंज की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
दूसरी बाइक पर राज भुजबा (22) और अयान खान (19), दोनों निवासी मऊगंज, सवार थे।
मोड़ पर नियंत्रण खोने से हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मोड़ पर तेज गति के कारण बाइक सवार संतुलन नहीं संभाल सके और दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकें सड़क किनारे जा गिरीं। हादसे में लइक खान के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि अन्य सवार भी घायल हो गए।
चार दिन तक जिंदगी से संघर्ष
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से घायल बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रीवा स्थित संजय गांधी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
लगातार चार दिनों तक चले इलाज के बाद मंगलवार रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मर्ग
मौत की सूचना मिलते ही नईगढ़ी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
प्रधान आरक्षक रामकुमार भास्कर ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मृत्यु हुई है। मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




