सड़क हादसे में 4 की मौत: मौके पर तीन की जान गई, एक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

मंडला : मध्यप्रदेश में रफ्तार से होने वाले हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला मंडला जिले के मवई थाना क्षेत्र का है, जहां धनगांव और खड़ादेवरी के बीच दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
घटना शनिवार देर शाम की बताई जा रही है। दोनों बाइक इतनी तेज रफ्तार में थीं कि टक्कर के बाद शव दूर तक घिसट गए। हादसा इतना जोरदार था कि आसपास के लोग भी दहल उठे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्थानीय ग्रामीणों ने घायलों को सड़क किनारे से उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मवई पहुंचाया।
कांग्रेस के मवई ब्लॉक अध्यक्ष अपने सहयोगी के साथ घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। एक गंभीर घायल युवक को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया।
फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। मवई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों के अनुसार, हादसे वाली सड़क पर पहले भी कई दुर्घटनाएँ हो चुकी हैं, लेकिन तेज रफ्तार पर अब तक नियंत्रण नहीं लग पाया है।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरा मामला स्पष्ट होगा।




