शिक्षक दिवस पर सिहावल में खास आयोजन, सेवानिवृत्त शिक्षकों का हुआ सम्मान

सीधी। सिहावल विधानसभा क्षेत्र के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवसर में राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर खंड स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक विश्वामित्र पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत मां वीणावादिनी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि शिक्षक समाज को सही दिशा देने और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने डॉ. राधाकृष्णन के शिक्षा क्षेत्र में योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने की बात कही।
समारोह में सेवानिवृत्त प्राचार्यों और शिक्षकों को शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


