राखी मेले में स्व-सहायता समूह की महिलाओं के उत्पादों को मिला प्रोत्साहन

सीधी। रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में मानस भवन में आयोजित राखी मेला उत्सव में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित साड़ियों, श्रृंगार सेट सहित विभिन्न स्थानीय उत्पादों की बिक्री के लिए स्टॉल लगाए गए।
सांसद राजेश मिश्रा और कलेक्टर विकास मिश्रा ने स्टॉलों का अवलोकन कर महिला समूहों द्वारा तैयार साड़ी एवं श्रृंगार सेट की खरीदारी की। अधिकारियों ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने से स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।
महिला श्रमिकों और स्वीपरों का स्वास्थ्य परीक्षण
इसी क्रम में 27 अगस्त को सिहावल स्थित राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह अनुसूचित जनजाति छात्रावास परिसर में छात्रावासों में कार्यरत महिला अंशकालीन स्वीपरों एवं महिला श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान 11 महिलाओं को एक-एक साड़ी और 100-100 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने महिलाओं को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




