तेज रफ्तार बाइक पुलिया से नीचे खाई में गिरी, युवक गंभीर रूप से घायल

तेज रफ्तार बाइक पुलिया से नीचे खाई में गिरी, युवक गंभीर रूप से घायल
मऊगंज- मऊगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे खाई में जा गिरी। दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता और डायल 112 पुलिस की तत्परता से समय पर राहत मिल सकी और घायल की जान बचाई जा सकी।
ग्राम लटियार के पास हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लटियार गांव के समीप बाइक अचानक असंतुलित होकर कई फीट नीचे खाई में जा गिरी। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस और डायल 112 को सूचना दी। सूचना पर 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को बाहर निकाला गया। बाद में उसे तत्काल इलाज के लिए मऊगंज अस्पताल भेजा गया।घायल युवक की पहचान कन्हैयाबांध निवासी संगम सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अटरिया गांव से दुधमनिया की ओर जा रहा था।स्थानीय निवासी मदन मोहन गोस्वामी ने बताया कि तेज रफ्तार और सड़क पर अचानक आए मोड़ के कारण चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे हादसा हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर मदद न मिलती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
मऊगंज पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और मोड़ पर नियंत्रण खोने को मुख्य कारण माना जा रहा है।




