बहरी में 27 जून को युवा संगम मेला, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर एक ही मंच पर

सीधी। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 27 जून 2026 को शासकीय विद्यालय बहरी परिसर में एक दिवसीय युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला आयोजित किया जाएगा। मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के निर्धारित कैलेंडर के तहत आयोजित होने वाला युवा संगम कार्यक्रम जून माह में पूर्व निर्धारित 16 जून के बजाय कलेक्टर के निर्देशानुसार 27 जून को आयोजित किया जा रहा है।
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में आयोजित इस मेले का संचालन जिला रोजगार कार्यालय, शासकीय आईटीआई एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, सीधी के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा। मेले का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को रोजगार, उद्यमिता और कौशल विकास से जोड़ते हुए उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
मेले में देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा स्वरोजगार योजनाओं, ऋण सुविधाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों और अप्रेंटिसशिप से संबंधित जानकारी देने के लिए स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी ने जिले के अधिक से अधिक शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ मेले में शामिल होकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।




