बहरी : गुजरात में युवक से तलवे चटवाए और मारपीट — चाकू की नोक पर धमकाते हुए वीडियो वायरल



सीधी : सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र के नकझर खुर्द गांव निवासी सुधीर पांडेय (26) के साथ गुजरात में मारपीट और अपमानजनक व्यवहार का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में आरोपी युवक उसे चाकू की नोक पर धमकाता, थप्पड़ मारता और उसके बाल खींचता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो गुजरात के सूरत शहर का बताया जा रहा है।
परिवार के अनुसार, सुधीर मजदूरी के लिए सूरत गया था और वहां काम के दौरान ‘भोला भाई’ नामक व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट की। वीडियो सामने आने के बाद से सुधीर लापता है और उसका मोबाइल फोन बंद है। पिता महेश पांडेय ने बताया कि उनका बेटा 4 नवंबर की रात तक संपर्क में था, उसी रात वीडियो उसके व्हाट्सएप और फेसबुक स्टेटस पर अपलोड हुआ।
वीडियो में दिखी मारपीट और धमकी
पहले वीडियो में सुधीर हाथ जोड़कर कहता दिख रहा है — “भोला भाई, मुझे माफ कर दो… अब मैं कभी सूरत नहीं आऊंगा।” इस दौरान सामने मौजूद व्यक्ति हाथ में चाकू लेकर धमकाता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो में सुधीर के चेहरे पर थप्पड़ मारे जाने और बाल खींचे जाने के दृश्य भी हैं।
दूसरे वीडियो में आरोपी युवक सुधीर से अपने पैर के तलवे चटवाता नजर आ रहा है। सुधीर डर के कारण ऐसा करने पर मजबूर दिखाई देता है। वीडियो में उसका चेहरा सूजा हुआ भी दिख रहा है।
परिवार ने जताई अनहोनी की आशंका
सुधीर के पिता ने कहा, “वह हमारे परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य है। वीडियो देखने के बाद से हम बहुत चिंतित हैं। उसका नंबर बंद है और किसी से कोई जानकारी नहीं मिल पा रही। हमें किसी अनहोनी की आशंका सता रही है।”
पुलिस जांच में जुटी
थाना प्रभारी राजेश पांडेय ने बताया कि परिवार की शिकायत और वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वीडियो गुजरात का है, इसलिए मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों और संबंधित राज्य की पुलिस को भेज दी गई है। परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया है।





