मेडिकल स्टोर्स पर औचक जांच, दवाओं के सैंपल लिए; सिरसी में दो अवैध दुकानें सील

सीधी। जिले में औषधियों के अवैध विक्रय और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई जारी है। 16 और 17 सितंबर को औषधि निरीक्षक कृष्णकांत मरावी ने सम्राट चौक समेत शहर के कई मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आशीष मेडिकल स्टोर, विवेक मेडिकल स्टोर, सीधी ऑप्टिकल एंड मेडिकल स्टोर, प्रगति मेडिकल स्टोर और आशा फार्मा की जांच की गई। टीम ने उपलब्ध दवाओं के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए लिए। साथ ही दवाओं के भंडारण, बिक्री व्यवस्था और संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की गई।
मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्धारित नियमों के अनुसार दवाओं के भंडारण और विक्रय के निर्देश दिए गए हैं। लिए गए नमूनों को नियमानुसार जांच के लिए भेजा जा रहा है।
वहीं 21 सितंबर को सीएम हेल्पलाइन से मिली शिकायत के आधार पर ग्राम सिरसी में दो अवैध मेडिकल दुकानों को सील किया गया। विभाग ने बताया कि अवैध दवा बिक्री और नियमों के उल्लंघन से जुड़ी शिकायतों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।




