गणेश विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट, तय घाटों पर ही विसर्जन की अपील

सीधी। गणेश उत्सव के समापन पर 25 सितंबर को होने वाले प्रतिमा विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर विकास मिश्रा ने श्रद्धालुओं से निर्धारित विसर्जन स्थलों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सोन, गोपद और बनास नदियों के घाटों सहित अन्य स्थानों को विसर्जन के लिए निर्धारित किया गया है। इनमें सीधी के देवघटा शिव मंदिर के पास सोन नदी गउघाट, गोरियरा बांध, पिपरोहर, जमोड़ी का पड़री घाट, बहरी का मरसरहा घाट, चुरहट का कोल्दहा घाट और मझौली का कठबंगला घाट समेत कई स्थल शामिल हैं।
नाव से विसर्जन पर रोक
नदियों में जलस्तर अधिक होने के कारण नाव के जरिए गणेश प्रतिमा विसर्जन की अनुमति नहीं होगी। श्रद्धालुओं से गहरे पानी में नहीं जाने और घाटों पर तैनात सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
विसर्जन स्थलों पर होमगार्ड के तैराक, नाव एवं बचाव उपकरण, लाइफ जैकेट, रस्से, बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी, लाउडस्पीकर और पुलिस बल की व्यवस्था की जाएगी। भीड़ और संवेदनशील क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों को नदी और घाटों के किनारे अकेले नहीं जाने देने की अपील की है। सुरक्षित और शांतिपूर्ण विसर्जन के लिए निर्धारित स्थलों और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की बात कही गई है।




