Sidhi News: जंगल में पलटी गाड़ी, 11KV लाइन की चपेट में आकर लगी आग, चालक की मौत

Sidhi News: सीधी जिले के टिकरी-महुआगांव मार्ग स्थित जंगल में बुधवार शाम एक भयावह हादसा हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। राखड़ ले जा रहा एक बलकार वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आ गया, जिससे वाहन में भीषण आग लग गई।
इस हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान फूलचंद कोल, निवासी ग्राम बहेरा (थाना बहरी) के रूप में हुई है, जो निगरी प्लांट से राखड़ परिवहन का कार्य करता था।
जंगल में देर से लगी जानकारी घटना जंगल के बीच होने के कारण तुरंत किसी को जानकारी नहीं मिल सकी। काफी देर बाद एक राहगीर ने जलते वाहन का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद घटना सामने आई और प्रशासन तक सूचना पहुंची।
मौके पर पहुंची पुलिस सूचना मिलते ही टिकरी चेक पोस्ट प्रभारी प्रमोद द्विवेदी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन के पलटने के बाद वह हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आ गया, जिससे आग लग गई।
पहचान करना भी हुआ मुश्किल आग इतनी भीषण थी कि चालक का शव पूरी तरह जल चुका था और पहचान करना कठिन हो गया था। बाद में आधार कार्ड के जरिए मृतक की शिनाख्त की गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच जारी है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।




