मुस्कान अभियान के तहत थाना प्रभारी कुसमी ने छात्रों को किया जागरूक

सीधी। कुसमी थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान “मुस्कान” चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य समाज में सुरक्षा, जागरूकता और आत्मरक्षा की भावना को मजबूत करना है।
इसी कड़ी में थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टमसार में पहुंचकर छात्रों से संवाद किया और उन्हें गुड टच-बैड टच, साइबर अपराधों से बचाव और आत्मरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे, जिनका थाना प्रभारी ने सहजता से समाधान किया।
थाना प्रभारी ने कहा कि मुस्कान अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। साथ ही बताया कि कुसमी थाना क्षेत्र के अन्य विद्यालयों में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के तहत पुलिस द्वारा गुमशुदा बच्चों की तलाश, उन्हें परिवार से मिलाना और महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम जैसी गतिविधियाँ भी की जा रही हैं।
इनका कहना है —
“कुसमी थाना क्षेत्र के कई विद्यालयों में मुस्कान अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। छात्रों के साथ-साथ उनके परिजनों को भी सुरक्षा और जागरूकता के संबंध में समझाइश दी जा रही है।”
— अरुणा द्विवेदी, थाना प्रभारी, कुसमी, जिला सीधी (म.प्र.)




