लोक अभियोजन में नई शुरुआत: श्री बी.एल. प्रजापति ने संभाला संचालक का पदभार”

भोपाल – आज दिनांक 06 दिसंबर 2024 को श्री बी.एल. प्रजापति, जिला न्यायाधीश ने मध्य प्रदेश के संचालक लोक अभियोजन का पदभार ग्रहण किया। यह पद, प्रथम महिला संचालिका श्रीमती सुषमा सिंह की सेवानिवृत्ति के उपरांत रिक्त हो गया था। माननीय उच्च न्यायालय के अनुमोदन के पश्चात श्री प्रजापति को इस पद पर नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर संयुक्त संचालक श्री रामेश्वर प्रसाद कुमरे, प्रभारी उप-संचालक श्री राजेंद्र उपाध्याय, सहायक संचालक श्री शैलेंद्र सिरौठिया, श्री अभिषेक बुंदेला, श्री मनोज कुमार पटेल, एडीपीओ श्री अनिल पटेल, श्री आशीष त्यागी, श्रीमती सुधा विजय भदौरिया, श्री दिनेश आर्य सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने श्री प्रजापति को बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
पदभार ग्रहण करते हुए श्री बी.एल. प्रजापति ने अभियोजन विभाग की चुनौतियों और प्राथमिकताओं पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि मूलभूत सुविधाओं की कमी , न्यायालय में लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण, और महिला एवं बाल अपराधों के प्रति सजीवता एवं संवेदनशीलता अभियोजन विभाग की प्राथमिकताएं रहेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि दोषसिद्धि के प्रतिशत में वृद्धि के लिए अभियोजन को सशक्त और प्रभावी बनाना आवश्यक है।
श्री प्रजापति ने यह भी आश्वासन दिया कि प्रदेश में सभी जिलों की कार्यप्रणाली में एकरूपता लाने और अभियोजन अधिकारियों को पर्याप्त सुविधाएं प्रदान करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने शासन के मामलों में उचित पैरवी और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।




