7 घंटे में नाबालिग बालिका को सकुशल किया दस्तयाब

सीधी जिले के थाना कमर्जी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गुमशुदा नाबालिग बालिका को महज 7 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी चुरहट के मार्गदर्शन में की गई।
घर से अचानक लापता हुई थी बालिका
पुलिस के अनुसार फरियादिया सुनीता कोल, निवासी ग्राम लकोडा थाना कमर्जी, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री 26 मई 2026 की दोपहर घर में थी, लेकिन शाम तक अचानक लापता हो गई।
परिजनों ने गांव और रिश्तेदारी में तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर अपहरण की आशंका जताई गई। शिकायत के आधार पर थाना कमर्जी में अपराध क्रमांक 163/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने तुरंत बनाई विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कमर्जी पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित की। पुलिस ने:
- संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया
- तकनीकी साधनों का उपयोग किया
- मुखबिर तंत्र सक्रिय किया
लगातार प्रयासों के बाद 27 मई 2026 को नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आई वजह
पूछताछ के दौरान बालिका ने बताया कि वह पिता की डांट से नाराज होकर घर वापस नहीं जाना चाहती थी। सुरक्षा और संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने उसे वन स्टॉप सेंटर सीधी में रखा।
काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद 29 मई 2026 को बालिका को विधिवत उसके माता-पिता को सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस टीम की भूमिका रही अहम
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी कमर्जी उप निरीक्षक इन्द्राज सिंह के नेतृत्व में की गई। इस दौरान सउनि मनोज वर्मा सहित अन्य पुलिस स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।




