बहरी अंचल में विकास की नई सौगात, संयुक्त तहसील भवन का हुआ लोकार्पण

बहरी, सिहावल:
बहरी क्षेत्र के निवासियों के लिए एक ऐतिहासिक दिन रहा, जब 795.82 लाख रुपये की लागत से बने संयुक्त तहसील भवन का विधिवत लोकार्पण किया गया। सिहावल विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री विश्वामित्र पाठक ने पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के साथ भवन का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने भवन के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस अवसर पर श्री पाठक ने कहा, “बहरी अंचल का सभी क्षेत्रों में चहुमुखी विकास किया जाएगा। यह तहसील भवन न केवल क्षेत्रीय प्रशासन को सशक्त बनाएगा, बल्कि आम जनता को भी सरल और सुगम सेवाएं प्रदान करेगा।”
कार्यक्रम में सीपी त्रिवेदी ने तहसील के अधिकार क्षेत्र, स्वीकृत पदों और सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस भवन से प्रशासनिक कामकाज अधिक प्रभावी हो सकेगा।
सिहावल में आईटीआई भवन का भूमि पूजन, तकनीकी शिक्षा को मिलेगी मजबूती
लौआ, सिहावल:
तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिहावल विधानसभा क्षेत्र के लौआ गांव में आईटीआई भवन का भूमि पूजन विधायक श्री विश्वामित्र पाठक द्वारा किया गया। 1431.20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन में 6 ट्रेड (120 सीटें), बालक और बालिका छात्रावास (60 सीट प्रत्येक), और विभिन्न आवासीय क्वार्टर शामिल हैं।
श्री पाठक ने अपने संबोधन में कहा, “आज का युग तकनीकी शिक्षा का है। इस क्षेत्र में आईटीआई के संचालन से युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।”
उन्होंने क्षेत्र में पुल निर्माण, सिंचाई योजनाएं और अन्य विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उनके अनुसार, पिछले दस वर्षों में क्षेत्र का विकास अवरुद्ध था, लेकिन अब विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य लोग
इन दोनों ऐतिहासिक आयोजनों में प्रमुख रूप से एसडीएम सिहावल एसपी मिश्रा , सीईओ रविशंकर मिश्रा, मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र पांडे , और टीआई राकेश सिंह बैस समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। साथ ही, पत्रकार बंधु और सैकड़ों क्षेत्रीय निवासियों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की।
इन कार्यक्रमों ने बहरी और सिहावल अंचल के विकास में एक नई दिशा दी है। जनता ने विधायक की पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्रीय प्रगति के लिए मील का पत्थर बताया।




