स्टोन क्रेशर की जांच में मिली अनियमितताएं, नियमों के उल्लंघन पर रिपोर्ट तैयार

सीधी। जिले में संचालित एक स्टोन क्रेशर की जांच के दौरान राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम को कई अनियमितताएं मिली हैं। कलेक्टर के निर्देश पर की गई जांच में सुरक्षा मानकों, सीमा निर्धारण, प्रदूषण नियंत्रण और अभिलेख संधारण से जुड़े नियमों के उल्लंघन सामने आए हैं।
कलेक्टर के निर्देश पर हुई जांच
स्थानीय स्तर पर मिली शिकायतों और प्रकाशित समाचार के बाद कलेक्टर विकास मिश्रा ने मामले की जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने संबंधित स्टोन क्रेशर का निरीक्षण किया।
जांच दल में राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ खनिज विभाग के अधिकारी और निरीक्षक भी शामिल थे।
जांच के दौरान मिलीं कई कमियां
निरीक्षण के दौरान क्रेशर बंद पाया गया। जांच टीम को खदान क्षेत्र के चारों ओर निर्धारित मानकों के अनुसार सीमा चिन्ह (पिलर) और तार फेंसिंग नहीं मिली। इसके अलावा क्षेत्र में आवश्यक वृक्षारोपण भी नहीं पाया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि क्रेशर परिसर के आसपास बाउंड्री वॉल तथा प्रदूषण नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे।
उत्पादन और बिक्री का रिकॉर्ड नहीं मिला
संयुक्त दल ने क्रेशर के उत्पादन, बिक्री और मजदूर पंजी से संबंधित जानकारी भी मांगी, लेकिन मौके पर आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए गए। अधिकारियों ने इसे भी जांच का हिस्सा बनाया है।
ग्रामीणों ने लगाए थे गंभीर आरोप
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप था कि स्वीकृत क्षेत्र से अधिक भूमि में पत्थर का उत्खनन किया जा रहा है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी की कमी को लेकर भी शिकायतें सामने आई थीं।
ग्रामीणों का कहना था कि खदान क्षेत्र के आसपास पर्याप्त सुरक्षा घेरा और बाउंड्री वॉल नहीं होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
कलेक्टर को भेजी जाएगी रिपोर्ट
खनिज विभाग के अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान मिले तथ्यों और नियमों के उल्लंघन के आधार पर विस्तृत प्रतिवेदन तैयार किया जा रहा है। यह रिपोर्ट आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर को भेजी जाएगी।
प्रशासन अब जांच प्रतिवेदन के आधार पर अगली कार्रवाई का निर्णय लेगा।




