तेज रफ्तार बल्कर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराया, चालक गंभीर रूप से घायल

सीधी। जिले के टिकरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिकरा में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सीधी से टिकरी की ओर जा रहा एक बल्कर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पेड़ से जा टकराया। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह रही कि वाहन खाली था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे हुई। ग्राम सिकरा के पास चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बल्कर सड़क से नीचे उतरकर सीधे पेड़ से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शी नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि बल्कर काफी तेज गति से आ रहा था। अचानक वह अनियंत्रित हो गया और सड़क छोड़कर नीचे उतर गया। हालांकि दुर्घटना का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही टिकरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लगी रही।
टिकरी चौकी प्रभारी प्रमोद तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतरने की बात सामने आई है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
बताया गया है कि बल्कर वाहन फैक्ट्री में राखड़ (फ्लाई ऐश) लेने जा रहा था और उस समय खाली था। यदि वाहन में लोड होता या सामने से कोई अन्य वाहन आ जाता, तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




