पुलिस लाइन सीधी का वार्षिक निरीक्षण प्रारंभ — अनुशासन, दक्षता और तत्परता का उत्कृष्ट प्रदर्शन।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के नेतृत्व में वार्षिक निरीक्षण परेड, निरीक्षण एवं सैनिक सम्मेलन सम्पन्न।

सीधी। आज दिनांक 14 अक्टूबर 2025 को पुलिस लाइन सीधी में दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस प्रातःकाल वार्षिक निरीक्षण परेड का आयोजन किया गया, जिसका निरीक्षण पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट श्री आशुतोष द्विवेदी सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण परेड में परेड कमांडर का दायित्व रक्षित निरीक्षक श्री वीरेंद्र कुमरे द्वारा दक्षतापूर्वक निर्वहन किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा परेड की चाल, अनुशासन, एकरूपता एवं टर्नआउट का निरीक्षण किया गया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया गया।
इसके उपरांत प्लाटूनवार मार्च एवं शस्त्र ड्रिल अभ्यास कराया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक ने स्वयं प्रत्येक प्लाटून का निरीक्षण करते हुए ड्रिल की बारीकियों, समन्वय एवं अनुशासन के महत्व पर विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि — “अनुशासन, सजगता और परिश्रम पुलिस बल की असली पहचान हैं। प्रत्येक कार्य को समर्पण, तन्मयता और पेशेवर दक्षता के साथ करें।”
वाहन शाखा, क्वार्टर गार्ड एवं शस्त्र शाखा का किया गया गहन निरीक्षण — सैनिक सम्मेलन में सुनी गई समस्याएँ, दिए गए आवश्यक निर्देश
परेड उपरांत पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी ने वाहन शाखा का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टूल किट, फर्स्ट एड किट, वाहन रखरखाव रजिस्टर एवं समस्त वाहनों की स्थिति की जाँच की गई।
उन्होंने वाहन रखरखाव एवं सुरक्षा के प्रति विशेष ध्यान देने हेतु आवश्यक निर्देश एवं सुधारात्मक सुझाव दिए।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने क्वार्टर गार्ड, रक्षित निरीक्षक कार्यालय, रोजनामचा, स्टोर एवं शस्त्र शाखा का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर की सुव्यवस्था, स्वच्छता एवं सुरक्षा को और बेहतर बनाने हेतु दिशा-निर्देश प्रदान किए।
अगले क्रम में सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसका संचालन एवं समुचित आयोजन दायित्व रक्षित निरीक्षक श्री वीरेंद्र कुमरे द्वारा सफलतापूर्वक निभाया गया।
सम्मेलन में पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों की समस्याएँ एवं सुझाव सुने — कुछ समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया, जबकि अन्य के निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा — “ड्यूटी को जिम्मेदारी और ईमानदारी से निभाएँ, अपनी वर्दी और कर्तव्य के प्रति सदैव गर्व महसूस करें। सजगता, शुचिता और अनुशासन ही एक सच्चे पुलिसकर्मी की पहचान हैं।”




