*अंधेर नगरी चौपट राजा, सौ किलोमीटर दूर रहने वाले संस्था प्रमुख को बनाया निशाना*

*अंधेर नगरी चौपट राजा, सौ किलोमीटर दूर रहने वाले संस्था प्रमुख को बनाया निशाना*
*संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा रीवा संभाग का कारनामा, स्कूल की लड़खड़ाई पठन पाठन व्यवस्था*
सतना। आदिवासी क्षेत्र और आदिवासियों के विकास की बात लगातार मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के द्वारा की जा रही है। मगर रीवा में पदस्थ संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग संतोष कुमार त्रिपाठी के द्वारा लगातार मुख्यमंत्री की मंशा पर पानी फेरा जा रहा है और आदिवासी क्षेत्र के प्राचार्य को अपने पद का दुरुपयोग कर रीवा में अटैच करते हुए आदिवासी नौनिहालों के पठन-पाठन पर व्यवधान पैदा किया जा रहा है। जी हां, यह पूरा मामला जनपद शिक्षा केंद्र उचेहरा के अंतर्गत संकुल केंद्र पहाड़ी के हाई स्कूल परसमनिया का मामला बताया जा रहा है। जहां पर तैनात प्राचार्य को रीवा में संलग्न कर लिया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग के संभागीय कार्यालय में तैनात जिम्मेदार अधिकारी का एक तुगलकी फरमान इन दिनों जमकर सुर्खियां बटोर रहा है। आम तौर पर विभागीय कामकाज को समय रहते पूरा कराने के लिए स्थानीय शिक्षकों की आवश्यकता अनुसार ड्यूटी लगाई जाती है, लेकिन हमारे रीवा संभाग में जिम्मेदार पद पर बैठने वाले आला अधिकारी नियम विरुद्ध काम करने में कोई संकोच नहीं करते हैं। एक ऐसा ही तुगलकी फरमान संयुक्त संचालक संतोष कुमार त्रिपाठी स्कूल शिक्षा रीवा संभाग द्वारा जारी किया गया है, जिसमें अधिकारी की मनमानी स्वयं स्पष्ट हो जाती है।मध्यप्रदेश शासन द्वारा अनुक्रम में माध्यमिक शिक्षक की क्रमोन्नति एवं उच्च माध्यमिक शिक्षक संवर्ग को समयमान वेतनमान प्रदान करने के निर्देश संभागीय कार्यालय को दिए गए हैं। इसके लिए प्राप्त होने वाले प्रस्ताव का परीक्षण किए जाने हेतु संयुक्त संचालक रीवा संभाग संतोष कुमार त्रिपाठी द्वारा तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है। परीक्षण कार्य को समय रहते पूरा करने के लिए बीते दो सितंबर को संयुक्त संचालक कार्यालय रीवा संभाग से एक आदेश जारी किया गया है,
*उस आदेश में जिनकी ड्यूटी लगाई गई है।*
उनमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 के लेखापाल राघवेन्द्र प्रसाद पाण्डेय, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय रीवा में पदस्थ सहायक सांख्यिकी अधिकारी संगीता त्रिपाठी के साथ ही चौंकाने वाला नाम शासकीय हाई स्कूल परसमनिया सतना के प्राचार्य डॉ प्रवीण कुमार शुक्ला का शामिल है।
संभागीय कार्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित स्कूल के संस्था प्रमुख की ड्यूटी लगाकर संयुक्त संचालक रीवा संभाग ने पठन पाठन व्यवस्था को बेपटरी कर दिया है।
यह आदेश साफ जाहिर करता है कि रीवा संभाग में स्कूल शिक्षा विभाग की हालत अंधेर नगरी चौपट राजा जैसी हो गई है।
हाई स्कूल परसमनिया में बहुतायत आदिवासी अंचल के बच्चे अपना भविष्य बनाने के लिए आते हैं, संस्था प्रमुख को संभागीय कार्यालय अटैच किए जाने की वजह से नौनिहालों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।




