किसानों की फसल एमएसपी पर खरीदने की कांग्रेस की गारंटी : अजय सिंह

किसानों की फसल एमएसपी पर खरीदने की कांग्रेस की गारंटी : अजय सिंह
सीधी-सिंगरौली के संसाधनों को लूटा जा रहा है : कमलेश्वर पटेल
रिपोर्ट👉 अरुण मिश्रा
पूर्व नेता प्रतिपक्ष और चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल ने सीधी लोकसभा क्षेत्र के उद्योगों में स्थानीय लोगों को रोजगार न मिलने पर कड़ी आपत्ति जताई है| आज देवसर, चितरंगी और सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश्वर पटेल के समर्थन में आयोजित जन सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यहाँ के उद्योगों में यहीं के निवासियों को रोजगार नहीं मिल रहा है| इसी तरह यहाँ के उद्योगों से मिलने वाली डीएमएफ की राशि को यहाँ के विकास के लिए खर्च किया जाना चाहिए, लेकिन उसे अन्यत्र खर्च किया जा रहा है| यदि स्थानीय स्तर पर डीएमएफ फंड का उपयोग होता तो सीधी लोकसभा क्षेत्र का विकास होता। यदि यहां के आम नागरिकों को लोकल कंम्पनियों द्वारा रोजगार दिया जाता तो यहाँ की बेरोजगारी दूर होती| स्थानीय लोगों को इससे वंचित करके सीधी लोकसभा क्षेत्र के आम मतदाताओं के साथ छलावा किया जा रहा है| इसका जवाब आम मतदाता जरूर देगा।
सिंह ने कहा सीधी जिले में भारी ओला वृष्टि से किसानों की फसल और घरों को हुई भारी क्षति को प्रशासन ने अभी तक गंभीरता से नहीं लिया है| जिन क्षेत्रो मे किसानो को भारी नुकसान हुआ है वहां तत्काल पटवारियों को भेजकर सर्वे क्यों नही कराया जा रहा है| सर्वे का काम जल्द पूर्ण किया जाए और पीड़ित किसानों को तत्काल अंतरिम आर्थिक सहायता देकर उन्हे राहत पहुंचाई जाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान के लिए नये कानून लाये| किसानों ने इसका विरोध किया और लाखों किसान सड़कों पर उतरे। किसान चाहता है कि हमें फ्री गिफ्ट नहीं चाहिए, हम जो खून पसीने से उगाते हैं उसका सही दाम चाहिए। हमने अपने घोषणा पत्र में बताया है कि किसानों का कर्जा माफ होगा और उनकी फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य मिलेगा। नरेन्द्र मोदी जी किसानों के लिए जो फसल बीमा योजना लाये हैं उसका पूरा पैसा 16 कंपनियों को जाता है। हम नई योजना लायेंगे और आपकी बीमा राशि आपको तीस दिन के अंदर दिलवायेंगे| ये हमारे वादे है।
सीधी-सिंगरौली के संसाधनों को लूटा जा रहा है : कमलेश्वर पटेल
सीधी-सिंगरौली के खनिज संसाधनों को भाजपा सरकार द्वारा लूटा जा रहा है, यहां के पुश्तैनी रूप से बसे हुए आदिवासी,पिछड़ा वर्ग एवं अन्य वर्ग के निवासियों को उजाडा जा रहा है। उक्त विचार सीधी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश्वर पटेल ने आज देवसर विधानसभा क्षेत्र की के विभिन्न ग्रामों की आमसभा को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार कुछ उद्योगपतियों को देश की संपत्ति देकर उन्हें अमीर बना रही है, वहीं मध्यवर्गीय व गरीब और गरीब बनता जा रहा है । राष्ट्र की संपत्ति देश की धरोहर है, जिसे देने का अपराध भाजपा की सरकार कर रही है।
उन्होंने कहा कि ऊर्जा राजधानी सिंगरौली से यात्रियों की सुविधा के लिए पैसेंजर ट्रेन को कई हफ्तों तक बंद कर दिया जाता है, वहीं देश के उद्योगपति अडानी और अंबानी के कोयले की माल गाड़ियों जिनकी संख्या में पिछले दो साल में अत्यधिक वृद्धि कर दी गई है और इस क्षेत्र का कोयला उन्हें दिया जा रहा है। यहां के निवासी बीमार परिजनों एवं बेटे बेटियों को पढाने के लिए रेल मार्ग से नहीं जा पा रहे है । उन्हें खराब सड़क मार्ग से भोपाल, इंदौर व अन्य स्थानों पर जाना पड़ रहा है । यह केंद्र की भाजपा सरकार की दोहरी नीति है जिसमें वह अमीर को अमीर बना रही है और गरीब को और गरीब कर रही है।
श्री पटेल ने आगे कहा कि हालत बहुत खराब हो चुकी है। युवा, किसान, महिला व मजदूर सबके हालत खराब है। बदलाव के लिए कांग्रेस नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की सरकार केन्द्र में बनने जा रही है।
श्री पटेल ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश का भ्रमण कर नागरिकों के साथ हो रहे अत्याचार, शोषण एवं अनीति के विरुद्ध शंखनाथ कर जनजागरण का कार्य कर रहे हैं।
इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर कांग्रेस पार्टी पंच न्याय को लागू कर युवा न्याय, भागीदारी न्याय, नारी न्याय, किसान न्याय व श्रमिक
न्याय के लिए कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि हम एकजुट होकर भाजपा के विरुद्ध लड़ाई लड़ेंगे तो हम जीतेंगे।
आपसी सहयोग व तालमेल से ही विजय का रास्ता प्राप्त किया जा सकता है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री वंश मणि वर्मा अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण सिंगरौली श्री ज्ञानेंद्र द्विवेदी , जिला संगठन मंत्री सिंगरौली डॉक्टर बालमुकुंद परिहार,श्री दरोगा पाठक सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण जन उपस्थित थे।




