ब्रेकिंग न्यूज़

साप्ताहिक समीक्षा बैठक सम्पन्न राजस्व महाअभियान में 6 माह से अधिक के सभी राजस्व प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें – कलेक्टर श्री मालवीय

ar 728 ad
AR News Live

साप्ताहिक समीक्षा बैठक सम्पन्न

राजस्व महाअभियान में 6 माह से अधिक के सभी राजस्व प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें – कलेक्टर श्री मालवीय

 

रिपोर्ट👉 अरुण मिश्रा

 

सीधी l कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में कलेक्टर साकेत मालवीय द्वारा राजस्व महाअभियान की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि संबंधित एसडीएम राजस्व महाअभियान की पटवारी हल्कावार नियमित समीक्षा करें। नक्शा तरमीम और खसरे में सुधार के प्रकरणों के निराकरण के लिए पटवारियों की ड्यूटी लगाएं। अब तक जितने प्रकरण निराकृत हुए हैं उन सभी को आरसीएमएस पोर्टल में अनिवार्य रूप से दर्ज करें। अभियान के दौरान 6 माह से एक साल की अवधि के सभी राजस्व प्रकरण अनिवार्य रूप से निराकृत करें। इसके लिए सभी राजस्व अधिकारी नियमित रूप से राजस्व न्यायालय में प्रकरणों की सुनवाई करें। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व महाअभियान में परिमार्जन से संबंधित सभी प्रकरणों का अनिवार्य रूप से निराकरण करें। अविवादित बंटवारा तथा अविवादित नामांतरण के सभी प्रकरण निराकृत करें। दर्ज प्रकरणों की तुलना में अधिक निराकरण करने पर ही प्रगति दिखाई देगी। कलेक्टर ने राजस्व निरीक्षकों को लक्ष्यानुसार सीमांकन करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने किसानों की समग्र आईडी और आधार से ई-केवायसी सुनिश्चित करने के लिए किसानों का जागरूक करने तथा इसकी उपयोगिता के बारे में बताने के निर्देश दिए हैं। अभियान के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

 

मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच के निर्देश

——-

कलेक्टर द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के क्रियान्वयन के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि खाद्य पदार्थों के निरंतर रूप से नमूने लिए जाएं तथा उनकी जाँच कराएं और मिलावट करने वालों के विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही करें। कलेक्टर ने कहा कि यह अति महत्वपूर्ण अभियान है। जो आमजनों के स्वास्थ्य से भी जुड़ा है। दूध तथा दूध से बने विभिन्न पदार्थों की गुणवत्ता की निगरानी के साथ-साथ खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने की कार्यवाही की जाए। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रतिदिवस निर्धारित संख्या में लीगल एवं सर्विलांस नमूने लेकर जाँच कराएं और मिलावट करने वालों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही कराएं। इसके साथ ही कलेक्टर ने खुले में मांस मछली के विक्रय पर कड़ाई से रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि इस संबंध में राज्य शासन द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं। ध्वनि विस्तारक यंत्रों तथा विस्फोटकों जे सम्बद्ध में भी जारी किए निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। सभी संबंधित अधिकारी सतत रूप से अपने क्षेत्र की निगरानी रखेंगे तथा नियमित जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करेंगे।

 

बाल श्रम उन्मूलन तथा बंधुआ मजदूरी रोकने कार्यवाही के निर्देश

——-

कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को बाल श्रम उन्मूलन तथा बंधुआ मजदूरी रोकने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि सभी निर्माण एजेंसी, खनिज विभाग, होटल एवं उद्योग से जुड़े विभाग इस संबंध में सदैव एलर्ट मोड में रहें। संस्थानों की नियमित जांच करें तथा बाल श्रम और बंधुआ मजदूरी के संबंध में श्रम विभाग को जानकारी उपलब्ध कराएं। कलेक्टर ने अधिनियम के प्रावधानों के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं। इसके संबंध में जानकारी प्राप्त करने के लिए खंड स्तरीय कार्यालयों तथा निकाय स्तर पर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करायें

——-

कलेक्टर द्वारा सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की समीक्षा बैठक में निर्देशित किया गया कि नागरिकों की समस्याओं का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जावेगी। सभी विभाग प्रमुख अपने विभाग से संबंधित शिकायतों की नियमित समीक्षा करें तथा शिकायतों की संख्या के आधार पर प्रतिदिन शिकायतों के निराकरण का लक्ष्य निर्धारित करते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करायें। इस बात का विशेष ध्यान रखें कि कोई भी शिकायत अन-अटेंडेड नहीं रहे तथा निम्न गुणवत्ता से बंद शिकायतों की संख्या न्यूनतम हो।

 

विकसित भारत संकल्प यात्रा की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा में लगे शिविरों में जो भी आवेदन प्राप्त हुए हैं उन सभी का निराकरण करना सुनिश्चित करें। विकसित भारत संकल्प यात्रा के आधार पर सभी विभाग जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में जिन कमियों (गैप) की पहचान की गई है, उनकी कार्य योजना तैयार कर शतप्रतिशत हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाना सुनिश्चित करेंगे। इसी प्रकार कलेक्टर ने प्रधानमंत्री जनमन अभियान के माध्यम से बैगा आदिवासियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा चिन्हित योजनाओं में शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निर्देशित किया है। कलेक्टर ने कहा कि सभी बैगा आदिवासियों के जाति प्रमाण -पत्र, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्य और पात्रता पर्ची प्राथमिकता पर बनवाएं। साथ ही उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना आदि जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। कोई भी पात्र हितग्राही हितलाभ से वंचित नहीं रहे।

 

कलेक्टर ने अनुकंपा नियुक्ति तथा पेंशन प्रकरणों में संवेदनशीलता के साथ समय -सीमा में कार्यवाही के लिए निर्देशित किया है। न्यायालयों में लंबित मामलों में जवाब दावे निर्धारित समय-सीमा में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि सभी जिला अधिकारी तथा खंड स्तरीय अधिकारी कार्यालय में आम लोगों से मिलने के लिए समय निर्धारित करेंगे तथा उस अवधि में लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही सभी फील्ड अधिकारी अपना प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम भी जारी करना सुनिश्चित करेंगे।

 

बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य उपखण्ड अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, तहसीलदार एवं खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button