रेनोवेशन के बाद कलेक्ट्रेट सभागार का उद्घाटन, प्रभारी मंत्री ने योजनाओं की समीक्षा की

सीधी। रेनोवेशन के बाद कलेक्ट्रेट सभागार का प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में संचालित प्रमुख योजनाओं और अभियानों की समीक्षा की।
बैठक में मुख्यमंत्री सेवा संकल्प और जन विश्वास अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि शिविरों को औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए। आमजन की समस्याओं का यथासंभव मौके पर निराकरण और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
स्वामित्व अधिकार अभिलेख पंजीयन योजना की समीक्षा में उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे। ग्राम पंचायत स्तर पर शिविरों का प्रचार-प्रसार करने और आवश्यक बिजली, इंटरनेट सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
आपदा राहत वितरण को लेकर भी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण कर प्रभावित लोगों को नियमानुसार जल्द राहत देने के निर्देश दिए गए। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करने तथा योजनाओं की मैदानी स्तर पर निगरानी के निर्देश दिए।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वामित्व अधिकार अभिलेख पंजीयन योजना के तहत जिले की 383 ग्राम पंचायतों के 7,424 हितग्राही लाभान्वित होंगे। बैठक में पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, वनमंडलाधिकारी प्रीति अहिरवार, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




