बड़ा लक्ष्य तय करें, पूरी ऊर्जा से जुटें, सफलता जरूर मिलेगी — कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह

सीधी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत सीधी जिले के प्रवास पर पहुंचे रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सपही का निरीक्षण कर नीट एवं जेईई की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से संवाद किया।
कमिश्नर ने विद्यार्थियों से उनके लक्ष्य, विषयों की तैयारी और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जीवन में सबसे पहले स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए पूरी ऊर्जा, निरंतरता एवं दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ प्रयास करें। डर और झिझक को पीछे छोड़कर अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखें।
उन्होंने कहा कि सफलता केवल सुविधाओं और संसाधनों पर निर्भर नहीं होती। मजबूत इच्छाशक्ति और दृढ़ संकल्प के बल पर सीमित संसाधनों में भी सफलता हासिल की जा सकती है। विद्यार्थियों को असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ने की सलाह दी।
पढ़ाई को किताबों तक सीमित न रखें शिक्षक
शिक्षकों से चर्चा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि शिक्षा को केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। विषयों को व्यावहारिक जीवन से जोड़कर रोचक तरीके से पढ़ाया जाए, ताकि विद्यार्थियों में जिज्ञासा और समझ विकसित हो।
उन्होंने शिक्षकों से बच्चों को खुलकर प्रश्न पूछने और अपनी जिज्ञासाएं व्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास पैदा करना और उनकी प्रतिभा को सही दिशा देना शिक्षक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
शासकीय स्कूलों के विद्यार्थियों को मिल रहा प्रतियोगी परीक्षाओं का अवसर
कमिश्नर ने कहा कि शासकीय विद्यालयों में नीट एवं जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को कोचिंग सामग्री एवं आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक या संसाधन संबंधी सीमाएं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सपनों में बाधा न बनें।
उन्होंने विद्यार्थियों से उपलब्ध सुविधाओं का पूरा लाभ उठाते हुए अनुशासित और निरंतर अध्ययन करने का आह्वान किया।
छात्राओं की हस्तनिर्मित राखियों ने खींचा ध्यान
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की छात्राओं द्वारा तैयार की गई हस्तनिर्मित राखियों ने कमिश्नर एवं अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। छात्राओं ने कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह, कलेक्टर विकास मिश्रा सहित उपस्थित अधिकारियों को राखियां बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
छात्राओं ने राखी के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी चित्रकला के माध्यम से प्रस्तुत किया। कमिश्नर ने उनकी रचनात्मकता की सराहना करते हुए प्रतिभा को लगातार निखारने के लिए प्रोत्साहित किया।
कलेक्टर ने भी बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
कलेक्टर विकास मिश्रा ने नीट एवं जेईई की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें सही दिशा और अवसर उपलब्ध कराने की है।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी सिहावल राकेश शुक्ला, जिला परियोजना समन्वयक विनय मिश्रा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी, विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।




