मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का जिलास्तरीय शिविर 29 अगस्त को सिहावल में

सीधी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिलास्तरीय शिविर का आयोजन शनिवार, 29 अगस्त 2026 को जनपद पंचायत सिहावल के सभागार में प्रातः 11 बजे से किया जाएगा। शिविर में संभागायुक्त रीवा संभाग श्री शीलेन्द्र सिंह उपस्थित रहेंगे।
शिविर में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण के साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। कलेक्टर विकास मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को अपने विभागों से जुड़े लंबित प्रकरणों, शिकायतों एवं हितग्राही योजनाओं की अद्यतन जानकारी के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
विशेष रूप से सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों, लोकसेवा गारंटी अधिनियम के तहत लंबित सेवाओं तथा विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं की विभागवार समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों को शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण नहीं, बल्कि आवेदकों की समस्याओं का वास्तविक और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिविर के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों से सीधा संवाद कर योजनाओं का लाभ मिलने, सेवाओं की उपलब्धता एवं उनके समक्ष आ रही समस्याओं की जानकारी भी ली जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि शिविर को आमजन की समस्याओं के प्रभावी समाधान का माध्यम बनाया जाए। जिन प्रकरणों का मौके पर निराकरण संभव हो, उनमें तत्काल कार्रवाई की जाए और शेष मामलों के लिए समय-सीमा निर्धारित कर आवेदक को कार्रवाई की जानकारी दी जाए।




