सीधी में भारी बारिश के चलते नर्सरी से 8वीं तक के स्कूलों में 19 अगस्त को छुट्टी

सीधी। जिले में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर 19 अगस्त 2026 को नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के छात्रों का अवकाश घोषित किया है।
कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देश पर यह आदेश जिले के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों पर लागू होगा। हालांकि कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं सामान्य समय-सारणी के अनुसार संचालित होती रहेंगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा। सभी शिक्षक एवं कर्मचारी विद्यालयीन समय में स्कूल में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
जरूरत पड़ने पर विद्यालय प्रबंधन विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन या वर्चुअल कक्षाएं भी आयोजित कर सकता है। प्रशासन ने यह फैसला लगातार बारिश और संभावित जलभराव जैसी परिस्थितियों को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया है।




