स्वतंत्रता दिवस समारोह में जा रहे छात्रों की बाइक पुल से गिरी, तीन गंभीर घायल

सीधी। कुसमी में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने जा रहे आईटीआई के तीन छात्र सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दुआरी पुल के पास हुआ, जहां अनियंत्रित बाइक पुल के नीचे जा गिरी।
जानकारी के अनुसार आईटीआई कुसमी के छात्र कुलदीप विश्वकर्मा, रंजीत वैश और रवि गुप्ता एक ही बाइक से स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होने कुसमी जा रहे थे। दुआरी पुल के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हुई और पुल से नीचे जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि तीनों की हालत गंभीर है।
सूचना मिलने पर कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी के अनुसार दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




