सीधी में 15 अगस्त को कलेक्टर विकास मिश्रा फहराएंगे तिरंगा, पुलिस परेड ग्राउंड में होगा मुख्य समारोह

सीधी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को जिला मुख्यालय सीधी के पुलिस परेड ग्राउंड में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में कलेक्टर विकास मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और परेड का निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद मार्चपास्ट होगा तथा परेड कमांडर एवं प्लाटून कमांडरों का परिचय कराया जाएगा। सुबह 9.25 बजे मुख्यमंत्री के संदेश का लाइव प्रसारण होगा, जबकि 9.56 बजे कलेक्टर विकास मिश्रा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपना बधाई संदेश देंगे।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों के विद्यार्थी देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं भारतीय संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों तथा बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। संबंधित विभागों को कार्यक्रम को व्यवस्थित और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।




