लौआ में सामुदायिक भवन व मंदिर परिसर के निर्माण कार्यों का लोकार्पण, विधायक विश्वामित्र पाठक ने की विकास कार्यों की घोषणा

सीधी। सिहावल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत लौआ में सामुदायिक भवन, रानी कुमारी मंदिर की बाउंड्री वॉल एवं रेलिंग निर्माण कार्यों का लोकार्पण क्षेत्रीय विधायक विश्वामित्र पाठक के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद विधायक ने शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया।
समारोह में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने विधायक का स्वागत किया। इस अवसर पर स्वागत गीत की प्रस्तुति भी दी गई। अपने संबोधन में विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि ग्राम पंचायत लौआ में विकास कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं और क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप शेष कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
उन्होंने सामुदायिक भवन एवं उसके परिसर को विवाह समारोहों और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए विकसित करने हेतु ₹10 लाख की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह भवन ग्रामीणों की सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
विधायक ने अपने संबोधन में सिहावल विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बहरी तहसील भवन, आईटीआई भवन, छात्रावास, लौआ-कोरसर पुल, नकझर-सिहावल पुल तथा हाल ही में स्वीकृत 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल, बहरी जैसी परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत अधोसंरचना के विकास को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में विधायक ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों से इनका लाभ लेने की अपील भी की।
इस अवसर पर जनपद पंचायत सीईओ रोहित उपाध्याय, तहसीलदार हिमांशु शुक्ला, मंडल अध्यक्ष शिवकुमारी जायसवाल, मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र पाण्डेय, टीआई राजेश पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




