सीधी में ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान का शुभारंभ, 500 से अधिक लोगों ने निकाली जागरूकता रैली

सीधी। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिला सीधी में मंगलवार से “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक जिलेभर में चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में एएसपी कमला जोशी की अध्यक्षता में सामाजिक, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की बैठक हुई। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक नशामुक्ति शपथ के साथ हुई, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
इसके बाद पुलिस परेड ग्राउंड से सम्राट चौक तक विशाल जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली में उत्कृष्ट विद्यालय-1, उत्कृष्ट विद्यालय-2, दिशा लर्निंग सेंटर, सामाजिक न्याय विभाग, ब्रह्माकुमारी संस्थान, गायत्री परिवार, खेल एवं युवा कल्याण विभाग सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के करीब 500 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। रैली के दौरान “नशे से दूरी है ज़रूरी”, “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “स्वस्थ युवा, समृद्ध भारत” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
एएसपी कमला जोशी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मड़वास थाना क्षेत्र के शासकीय महाविद्यालय में विद्यार्थियों, शिक्षकों और व्यापारियों के साथ नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा कर शपथ दिलाई गई। वहीं अमिलिया थाना क्षेत्र में बाजार में रैली निकालकर नागरिकों और व्यापारियों को जागरूक किया गया। अन्य थाना क्षेत्रों में भी रैली, जनसंवाद, शपथ, बैनर-पोस्टर और पंपलेट वितरण के माध्यम से हजारों लोगों तक अभियान का संदेश पहुंचाया गया।
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक वीरेंद्र कुमरे, अजाक थाना प्रभारी रामलोटन साकेत, यातायात प्रभारी भूपेश बैस, सामाजिक न्याय विभाग के चंद्र प्रताप तिवारी, ब्रह्माकुमारी संस्थान की बी.के. रेखा एवं बी.के. अर्चना, वैदेही फाउंडेशन के सुरेंद्र शुक्ला, गीतांजलि समिति के रविशंकर मिश्रा, समाजसेवी उमा सेन, मीरा गौतम, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि, पत्रकार एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
सीधी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, परिवार और समाज को भी जागरूक करें तथा अवैध मादक पदार्थों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।




