सुशासन, शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष फोकस: मुख्य सचिव अनुराग जैन ने दिए सख्त निर्देश

सीधी। मुख्य सचिव अनुराग जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों की समीक्षा करते हुए सुशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन और कानून व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े कार्यों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
मुख्य सचिव ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि कोई भी शिकायत 50 दिनों से अधिक लंबित न रहे। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग की नियमित समीक्षा करने तथा दोनों क्षेत्रों में अपेक्षित सुधार लाने के लिए कलेक्टरों को हर माह बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं के समय पर पंजीयन, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और एनीमिया से पीड़ित महिलाओं के शत-प्रतिशत उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। साथ ही महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग की विकासखंड स्तर पर संयुक्त बैठक आयोजित कर स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार लाने के निर्देश दिए।
बरसात के मौसम को देखते हुए मुख्य सचिव ने सभी जिलों में बाढ़ राहत एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि राहत शिविर, बचाव दल और आवश्यक संसाधनों की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में नशा मुक्ति अभियान, ड्रग फ्री जोन, साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता, अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई पर भी जोर दिया गया। उन्होंने शिक्षण संस्थानों के आसपास नशामुक्त वातावरण विकसित करने तथा एनकोर समिति की नियमित बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने भूमि आवंटन से जुड़े मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने, बीएसएनएल मोबाइल टावरों की स्थापना संबंधी आवेदनों को सात दिवस के भीतर निपटाने तथा टावरों में चोरी या तोड़फोड़ की घटनाओं पर अनिवार्य रूप से एफआईआर दर्ज करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री श्रम मानधन योजना, खाद्य मिलावट के विरुद्ध अभियान, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, हिरण्यगर्भा अभियान सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। एनआईसी कक्ष में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, जिला पंचायत सीईओ शैलेन्द्र सिंह सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




