
सीधी। जिले में अपराधियों और फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीधी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष साप्ताहिक कॉम्बिंग गश्त के दौरान 37 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 11 स्थाई वारंट और 26 गिरफ्तारी वारंट तामील करते हुए आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिले के समस्त एसडीओपी के मार्गदर्शन में 21-22 जून 2026 की दरमियानी रात जिलेभर में विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में दबिश देकर लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 32 गुंडा बदमाशों और 24 निगरानी बदमाशों की भी सघन जांच की। सभी को कानून व्यवस्था बनाए रखने, आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने और शांति भंग करने वाली किसी भी गतिविधि में शामिल न होने की सख्त चेतावनी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से संचालित किए जाते हैं। विशेष रूप से हत्या, लूट, डकैती, मारपीट, आबकारी और अन्य गंभीर मामलों में फरार आरोपियों की तलाश कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
सीधी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




