कलेक्टर का औचक निरीक्षण: लापरवाही पर प्रभारी निलंबित, अच्छे काम पर सम्मान

सीधी। जिले के चौफाल स्थित गेहूं खरीदी केंद्र के औचक निरीक्षण में बड़ी लापरवाही सामने आई है। कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि खरीदा गया गेहूं खुले में रखा गया था, जिससे बारिश और नमी के कारण काफी अनाज खराब हो गया।
जांच में यह भी सामने आया कि गेहूं के सुरक्षित भंडारण के लिए जरूरी इंतजाम नहीं किए गए थे, जबकि पहले ही इसके निर्देश दिए जा चुके थे। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए कलेक्टर ने केंद्र प्रभारी शैलेन्द्र सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसानों को हुए नुकसान की भरपाई भी संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति से कराने की बात कही गई है।
कलेक्टर के निर्देश के बाद सहकारी समिति द्वारा आदेश जारी कर प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
वहीं माटा उपार्जन केंद्र में व्यवस्थाएं बेहतर पाई गईं। यहां के अच्छे काम के लिए ऑपरेटर प्रवीण सिंह सेंगर को “स्टार ऑफ द मंथ” से सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है।
कलेक्टर ने सभी उपार्जन केंद्रों को सख्त निर्देश दिए हैं कि गेहूं खरीदी पूरी पारदर्शिता के साथ की जाए और किसी भी तरह की लापरवाही न हो। उन्होंने यह भी कहा कि अनाज को सुरक्षित रखने के लिए तिरपाल, शेड और नमी से बचाव के पूरे इंतजाम किए जाएं।
साथ ही किसानों के लिए पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और समय पर परिवहन जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।




