NH-39 पर भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर की चपेट में आए दंपती की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ोखर गांव में गुरुवार शाम NH-39 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रेलर ने बाइक को कुचल दिया, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
मृतकों की पहचान बलिराम साकेत और उनकी पत्नी सुनीता साकेत, निवासी बड़ोखर गांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दंपती शाम के समय कसर की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के समीप ट्रेलर वाहन ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया।
बताया जा रहा है कि मृतक दंपती के बेटे की शादी शीघ्र होने वाली थी, जिससे परिवार में उत्सव का माहौल था, लेकिन हादसे ने पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे व दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर NH-39 पर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित रहा।
सूचना मिलते ही मोरवा थाना प्रभारी निरीक्षक कपूर त्रिपाठी तथा गोरबी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रुद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने समझाइश देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने ट्रेलर वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।




